श्रेय की चिंगारी में सुलग रही जिला जदयू की सियासत!‘नीतीश संवाद’ के बाद खुला जदयू का अंदरूनी मोर्चा! पोस्टर से सोशल मीडिया तक श्रेय की जंग, भीड़ के दावे पर सवाल और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर उठी आवाज—संगठन बड़ा या किसी एक चेहरे की ब्रांडिंग?
श्रेय की चिंगारी ने पकड़ लिया संगठन का बारूद!
महीनों तक धूप, गर्मी और बरसात झेलकर पंचायत से बूथ तक कार्यकर्ता जुटते रहे। किसी ने पोस्टर लगाया, किसी ने लोगों को बुलाया, किसी ने वाहन की व्यवस्था संभाली तो किसी ने कार्यक्रम स्थल तक भीड़ पहुंचाने में भूमिका निभाई। लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही यदि सफलता का कैमरा किसी एक चेहरे पर टिक जाए तो सवाल उठना स्वाभाविक है—जिस संगठन ने पसीना बहाया, क्या उसकी मेहनत सिर्फ भीड़ का आंकड़ा है और चेहरा ही पूरी उपलब्धि का मालिक? यही सवाल अब सोशल मीडिया पर घूम रहा है। और राजनीति में सवाल जब अपने ही घर से निकलने लगें तो समझिए मामला महज पोस्ट का नहीं, अंदर जमा बारूद का है। ‘नीतीश संवाद’ का मंच फरक्का के पानी की बात कर रहा था, लेकिन मंच उतरते-उतरते जिला जदयू की राजनीति में ही पानी उबलने लगा।
बैनर पार्टी का, झंडा पार्टी का, कार्यकर्ता पार्टी के... फिर श्रेय किसका?
कार्यक्रम की तैयारी सामूहिक थी। पंचायत से लेकर प्रखंड और बूथ स्तर तक संगठन सक्रिय हुआ। पड़ोसी इलाकों से लोगों को बसों और छोटे वाहनों से लाया गया। शहर से बॉर्डर इलाके तक बैनर, पोस्टर और तोरणद्वारों से माहौल बनाया गया। यानी जमीन पर मेहनत का चेहरा संगठन था। फिर सवाल उठना लाजिमी है—जब बैनर पर पार्टी का नाम, झंडा पार्टी का, मंच पार्टी का और पसीना कार्यकर्ताओं का था, तो उपलब्धि का पोस्टर किसी एक चेहरे के नाम क्यों? क्या संगठन अब सिर्फ भीड़ जुटाने का इंजन है और राजनीतिक ब्रांडिंग का बोर्ड किसी एक नेता के नाम? क्या कार्यकर्ता चुनाव में झंडा उठाने के लिए है और कार्यक्रम की सफलता में श्रेय उठाने के लिए कोई दूसरा? यही सवाल इस पूरे विवाद को राजनीतिक बना रहा है।
एक कार्यक्रम, कई दावे और सोशल मीडिया पर खुला ‘श्रेय युद्ध’
‘ब्रांडिंग’ की होड़ में कहीं संगठन ही तो फुटनोट नहीं बन गया?
सोशल मीडिया पर टूना राम नाम की फेसबुक आईडी से कथित तौर पर की गई एक पोस्ट ने विवाद को और हवा दी। पोस्ट में कार्यक्रम की सफलता का श्रेय किसी एक नेता को दिए जाने पर सवाल उठाए गए और राजपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री संतोष निराला को संगठन को एकजुट रखने वाला नेता बताया गया। पोस्ट बाद में हटा दी गई, लेकिन डिजिटल राजनीति में डिलीट बटन सवालों को नहीं मिटाता। सवाल अब भी वहीं है—क्या सामूहिक संगठनात्मक मेहनत को किसी एक चेहरे की राजनीतिक ब्रांडिंग में बदलने की कोशिश हो रही है? और अगर नहीं, तो फिर श्रेय को लेकर यह बेचैनी क्यों? क्या किसी को यह डर है कि अगर सफलता का श्रेय संगठन को मिल गया तो किसी एक चेहरे की चमक थोड़ी कम हो जाएगी? या फिर पार्टी के भीतर अब कार्यकर्ता बनाम ब्रांडिंग की नई लड़ाई आकार ले रही है?
खाली कुर्सियों से ज्यादा गर्म हुआ श्रेय का सवाल
कार्यक्रम के दौरान कुछ समय बाद दर्शक दीर्घा में कुर्सियां खाली दिखाई देने को लेकर भी चर्चा हुई। जदयू नेताओं का कहना है कि कुछ लोग भोजन के लिए चले गए थे। विपक्ष ने इसे भीड़ और व्यवस्था पर सवाल उठाने का हथियार बना लिया। सोशल मीडिया पर भी भीड़ को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए। एक नेता ने करीब डेढ़ हजार कुर्सियां लगाए जाने की बात कही, जबकि समर्थकों की ओर से इससे कहीं अधिक भीड़ के दावे किए गए। अब सवाल ने व्यंग्य का रूप ले लिया—जब कुर्सियां डेढ़ हजार थीं तो पांच हजार की भीड़ आखिर बैठी कहां? क्या बाकी भीड़ कुर्सियों के सपने में खड़ी थी? या फिर राजनीति में भीड़ का गणित भी मौसम की तरह बदलता है? बेशक वास्तविक संख्या का अंतिम फैसला अलग विषय है, लेकिन इतना साफ है कि कार्यक्रम के बाद कुर्सियों से ज्यादा श्रेय की गिनती हो रही है।
कांग्रेस ने तंज कसा, लेकिन असली बारूद बाहर से नहीं आया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कार्यक्रम को ‘नीतीश संवाद’ की जगह ‘जदयू बचाओ कार्यक्रम’ करार देते हुए तंज कसा। विपक्ष के हमले को राजनीतिक बयान मानकर खारिज किया जा सकता है। लेकिन मुश्किल तब बढ़ती है जब विपक्ष के सवालों को ताकत देने वाले सुर अपने ही संगठन के भीतर से सुनाई देने लगें।राजनीति में विरोधी के हमले से निपटना आसान है। उसे विपक्ष की राजनीति कह दीजिए और आगे बढ़ जाइए।लेकिन अपने ही कार्यकर्ता अगर पूछने लगें कि ‘मेहनत का श्रेय कहां गया?’ तो जवाब देना मुश्किल होता है।क्योंकि उस वक्त सामने विरोधी नहीं होता। आईना होता है।
जिलाध्यक्ष बोले—कार्यकर्ताओं ने किया कमाल
जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कार्यक्रम को अद्भुत बताते हुए खाली कुर्सियों को लेकर कहा कि कुछ लोग भोजन के लिए चले गए थे। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने भी सफलता का श्रेय किसी एक नेता को देने के बजाय एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत को अहम बताया। वही इस कार्यक्रम के सुर्ख़ियो में रहे जदयू नेता धीरज कुशवाहा ने भी बूथ से जिला और प्रदेश स्तर तक के कार्यकर्ताओं की मेहनत को कार्यक्रम की सफलता का का सबसे बड़ा श्रेय बताते हुए कहा कि , जनतादल यू के एक -एक कार्यकर्ता एवं कुशल संगठन के नेतृत्व का ही देन है कि हमारे समाजवादी नेता नीतीश कुमार को यंहा की जनता ने सबसे अधिक दिनों तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपना आशीर्वाद देते रहे!यह सफलता संगठन और उससे जुड़े हजारो लाखो कार्यकर्ताओं की है ! इन बयानों की सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि पार्टी के भीतर से ही सामूहिक श्रेय की तस्वीर सामने रखी गई।लेकिन फिर वही सवाल सामने खड़ा हो जाता है— अगर कार्यक्रम संगठन की सामूहिक मेहनत से सफल हुआ तो सोशल मीडिया पर किसी एक चेहरे की ब्रांडिंग का शोर क्यों? अगर कार्यकर्ता असली ताकत है तो उसकी मेहनत किसी नेता की राजनीतिक उपलब्धि का बैकग्राउंड पोस्टर क्यों बने? और अगर एक नेता ने वाकई असाधारण भूमिका निभाई है तो पार्टी खुलकर उसका श्रेय घोषित क्यों नहीं करती? यानी सवाल दोनों तरफ हैं और जवाब अभी किसी तरफ नहीं।
मंच पर एकता, मोबाइल स्क्रीन पर अलग-अलग दरबार!
यही इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प राजनीतिक पहलू है। मंच पर नेता साथ दिखाई देते हैं। फोटो में संगठन एक दिखाई देता है। भाषणों में सामूहिकता की बात होती है। लेकिन मोबाइल स्क्रीन पर समर्थकों के अपने-अपने नेता हैं। कोई अपने नेता को कार्यक्रम का नायक बता रहा है। कोई संगठन की सामूहिक शक्ति गिना रहा है। कोई दूसरे चेहरे को संगठन का असली सहारा बता रहा है। तो सवाल उठना स्वाभाविक है—क्या जदयू की एकता मंच तक सीमित है और असली राजनीतिक खेमेबंदी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई दे रही है? अगर नहीं, तो फिर यह श्रेय युद्ध इतना मुखर क्यों?
श्रेय की राजनीति ने खोल दी पुरानी गांठ!
यह विवाद केवल एक फेसबुक पोस्ट या एक कार्यक्रम का मामला मानकर खत्म कर देना शायद आसान होगा। लेकिन जिस तेजी से श्रेय का सवाल सोशल मीडिया पर उभरा, उससे यह संकेत जरूर मिल रहा है कि जिला संगठन के भीतर अपने-अपने राजनीतिक स्पेस को मजबूत करने की होड़ मौजूद है। मंच पर सब साथ हैं।लेकिन समर्थकों की लड़ाई अलग-अलग है। एक तरफ चेहरा बड़ा करने की कोशिश है। दूसरी तरफ संगठन को बड़ा बताने की कोशिश। एक तरफ भीड़ का हिसाब है।दूसरी तरफ कार्यकर्ता की मेहनत का हिसाब।।और इन दोनों हिसाबों के बीच सवाल सिर्फ एक है—जदयू में बड़ा कौन—संगठन या चेहरा?
विपक्ष को बैठे-बिठाए मिल गया हथियार
‘नीतीश संवाद’ खत्म, अब ‘जदयू संवाद’ कब?
बक्सर में ‘नीतीश संवाद’ समाप्त हो गया है। लेकिन जिला जदयू के सामने शायद अब उससे ज्यादा जरूरी एक और संवाद है—‘जदयू संवाद’। ऐसा संवाद जिसमें पार्टी खुद अपने कार्यकर्ताओं से पूछे— क्या संगठन में व्यक्ति से बड़ा संगठन है? क्या कार्यक्रम की सफलता सामूहिक मेहनत है? क्या किसी एक चेहरे की ब्रांडिंग के लिए संगठनात्मक श्रम को पीछे किया जा सकता है? क्या कार्यकर्ता सिर्फ पोस्टर लगाने और भीड़ जुटाने के लिए है? और सबसे बड़ा सवाल— अगर श्रेय बांटने की नौबत आ जाए तो क्या पार्टी के भीतर भी हिस्सेदारी के दावे शुरू हो जाएंगे?






















0 Comments