77वां गणतंत्र दिवस: किला मैदान से विकास, सुशासन और सियासत का संदेश। प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने किया ध्वजारोहण, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां !स्टेडियम, बसेरा, किसान सम्मान निधि और स्वच्छता मिशन पर रहा जोर ! मंच छोड़कर गए सताधारी दल के विधायक, कार्यक्रम के दौरान सियासी हलचल तेज ! किसान आईडी की समस्या पर मंत्री ने समाधान का दिया भरोसा !
बक्सर- 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बक्सर जिले में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण के बीच राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा मैदान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।इस भव्य समारोह में जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, सदर विधायक आनंद मिश्रा, डुमरांव जदयू विधायक राहुल सिंह तथा राजपुर जदयू विधायक संतोष कुमार निराला समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।मंत्री ने गिनाई उपलब्धियां !
रमा निषाद प्रभारी मंत्रीध्वजा रोहण के पश्चात आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन और कमजोर वर्ग के परिवारों को जमीन उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान आईटीआई मैदान में आधुनिक स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई थी, जिसे अब तेजी से धरातल पर उतारने का काम शुरू हो चुका है। यह स्टेडियम न केवल खेल प्रतिभाओं को नया मंच देगा, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।
लोहिया स्वच्छता मिशन
स्वच्छता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोहिया स्वच्छता मिशन के तहत बक्सर जिले की शत-प्रतिशत पंचायतों में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण कराया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। जिले के करीब 75 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
पूर्ण शराबबंदी का कानून सख्ती से लागू !
पूर्ण शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है।मंच छोड़कर चले गए सताधारी दल के तीनों विधायक !
हालांकि इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान एक सियासी घटनाक्रम भी चर्चा में रहा। मंच पर मौजूद डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और सदर विधायक आनंद मिश्रा अचानक मंच छोड़कर चले गए, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। इस विषय पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मंच से संबोधन के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया था और किसी का नाम जानबूझकर छोड़े जाने का सवाल ही नहीं उठता।
किसान आईडी की समस्या पर मंत्री की सफाई !
वहीं किसान आईडी से जुड़ी समस्याओं पर मंत्री ने संज्ञान लेते हुए कहा कि यह उनका बक्सर का पहला दौरा है। उन्होंने किसानों की परेशानियों को गंभीरता से समझने और किसान आईडी से जुड़ी तकनीकी व प्रशासनिक दिक्कतों का समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि अपने संबोधन के अंत में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने जिलेवासियों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि बक्सर सहित पूरा बिहार विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।





0 Comments