राजकुमार चौबे समेत दस पर नगर थाने में एफआईआर ! खबर लिखने के बाद पत्रकार को धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

 राजकुमार चौबे समेत दस पर नगर थाने में एफआईआर ! खबर लिखने के बाद पत्रकार को धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बक्सर- बक्सर में पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बक्सर टॉप न्यूज़ के संचालक एवं पत्रकार चन्द्रकान्त “निराला” द्वारा नहर  थाना बक्सर में विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चौबे सहित कुल दस लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, चन्द्रकान्त निराला पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े हैं और बक्सर टॉप न्यूज़ नामक समाचार पोर्टल का संचालन करते हैं। वे विभिन्न मीडिया संस्थानों से भी संबद्ध रहे हैं। आवेदन में बताया गया है कि बीते लगभग एक वर्ष से वे विश्वामित्र सेना संगठन से संबंधित गतिविधियों पर समाचार प्रकाशित कर रहे थे, इस दौरान संगठन के विज्ञापन भी पोर्टल पर प्रकाशित हुए, जिनका भुगतान विधिवत किया गया।

संगठन से जुड़े लोगों ने लगाया है आरोप !

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि हाल के दिनों में संगठन से जुड़े रहे मुनमुन चौबे और राहुल पांडेय ने पत्रकार को जानकारी दी कि संगठन के कुछ आयोजनों में लिए गए टेंट, बाजा और वाहन चालकों का भुगतान अब तक लंबित है। उनका आरोप था कि ये व्यवस्थाएं संगठन के निर्देश पर कराई गई थीं। दोनों ने इस विषय को सार्वजनिक किए जाने का अनुरोध किया।

क्या कहते है पत्रकार ?

पत्रकार का कहना है कि खबर प्रकाशित करने से पूर्व उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चौबे से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर खबर प्रकाशित की गई। आवेदन के अनुसार, खबर प्रकाशित होने के बाद 28 जनवरी की शाम कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा फोन पर अभद्र भाषा में बात करते हुए धमकी दी गई। इसके बाद मॉडल थाना चौक के पास कुछ लोगों द्वारा पत्रकार को रोककर बातचीत की गई। आरोप है कि इस दौरान मोबाइल फोन पर कथित रूप से राजकुमार चौबे से बात कराई गई, जहां आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। आवेदन में झूठे मुकदमे में फंसाने और पूर्व में दिए गए विज्ञापन भुगतान को घूस बताने की धमकी का भी आरोप लगाया गया है। पत्रकार ने अपने आवेदन में स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्या कहते है अधिकारी ?

इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और सभी आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments