भगवान के आँगन से चन्दन उठा, सिस्टम आँखें मलता रहा! दीवार फांदी चोरों ने, कानून कुर्सी फांदता रहा!

 नाथ बाबा मंदिर से चन्दन की चोरी, सोते रहे सेवादार और पहरेदार ! नाक के नीचे वारदात, अफसर बोले—जांच जारी है! दीवार फांदकर घुसे चोर, सवालों के घेरे में सिस्टम ! एक रात में एक करोड़ का चन्दन गायब कानून मंदिर में ठहरा रहा, चोर चन्दन लेकर निकल गए

बक्सर- जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित नाथ बाबा मंदिर परिसर से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के दो सफेद चन्दन के पेड़ों की चोरी ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। हैरानी की बात यह है कि चोरी उसी रास्ते से हुई है, जहां अनुमंडल के सबसे बड़े अधिकारी एसडीएम का सरकारी आवास स्थित है। अब सवाल यह नहीं है कि चोरी हुई, बल्कि यह है कि इतनी बड़ी वारदात आखिर किसकी निगरानी में हो गई।

माचिस का डिब्बा नही विशाल वृक्ष की हो गई चोरी !

बताया जा रहा है कि 22 दिसंबर की रात चोरों ने करीब 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और लगभग 40 फीट लंबे दो चन्दन के पेड़ों को काटकर आराम से फरार हो गए। न तो एसडीएम आवास पर तैनात किसी संतरी को इसकी भनक लगी और न ही मंदिर के पुजारी या सेवादारों को। यह महज संयोग था या फिर गंभीर लापरवाही—यही सबसे बड़ा सवाल बन गया है। चर्चा यह भी है कि चोरों को इस बात की जानकारी थी कि उस रात एसडीएम पटना में थे। इधर स्थानीय लोगो ने तंज कसते हुए कहा कि, चोरो ने किसी माचिस के डिब्बे की चोरी नही की है! विशाल वृक्ष को काटकर ले गए है! जिसकी भनक तक नही लगी है! जिम्मेवरानो को !

सोशल मीडिया पर उड़ रही प्रशासन की खिल्ली

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, जो अब सोशल मीडिया पर साफ दिख रहा है। लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि जब एसडीएम आवास के साए में चन्दन के पेड़ सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या भरोसा। यह मामला सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि संरक्षण और मिलीभगत की आशंका भी गहराती जा रही है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना रेकी, समय की जानकारी और अंदरूनी सहयोग के संभव नहीं है।

विधायक के मंदिर पहुंचने पर विपक्ष का तंज

घटना के तीन दिन बाद पूर्व आईपीएस और वर्तमान विधायक आनंद मिश्रा का मंदिर परिसर पहुंचना भी सियासी चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि “बहुत देर कर दी सनम आते-आते।” सवाल उठ रहा है कि यदि मामला इतना गंभीर था, तो पहले दिन ही जनप्रतिनिधियों की सक्रियता क्यों नहीं दिखी।

एसपी का दावा—जल्द होगा खुलासा

इस मामले पर बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा है कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी लोगों को बेनकाब किया जाएगा। हालांकि, लोगों का कहना है कि भरोसा तभी बनेगा जब कार्रवाई जमीन पर दिखाई देगी।

पूर्व विधायक ने बताया प्रशासनिक विफलता

वहीं सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने इसे सीधा प्रशासनिक फेलियर बताया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम आवास के रास्ते इतनी बड़ी चोरी होना इस बात का संकेत है कि बिना मंदिर परिसर से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका के यह संभव नहीं हो सकता।

गौरतलब है कि नाथ बाबा मंदिर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल की सुरक्षा में हुई यह चूक जिले की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। अब सवाल सिर्फ चन्दन की बरामदगी का नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या इस मामले में सिस्टम के जिम्मेदार लोगों पर भी उतनी ही सख्ती होगी, जितनी किसी आम चोर पर होती है। बक्सर की जनता अब केवल बयान नहीं, ठोस कार्रवाई देखना चाहती है।

Post a Comment

0 Comments