बक्सर पुलिस को मिली बड़ी सफलता नगर थानेदार ने बरामद की चोरी गई चन्दन की लकड़ी

 144 घंटे में खुली गुत्थी: नाथ बाबा मंदिर से चोरी चंदन बरामद,गंगा की गोद में छिपाया था करोड़ों का चंदन, पुलिस ने निकाला बाहर । नगर थानेदार मनोज कुमार सिंह की बड़ी कामयाबी, प्रशासन ने ली राहत की सांस एसडीएम आवास के रास्ते हुई थी चोरी, अब बरामदगी से बढ़ा पुलिस का मनोबल । जल्द होगा चंदन चोरों का खुलासा, पुलिस के रडार पर कई संदिग्ध।

,

बक्सर- नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध नाथ बाबा मंदिर से 22 दिसंबर की रात्रि चोरी गई सफेद चंदन के दो विशाल वृक्षों की लकड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। नगर थाने के थानेदार मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए 144 घंटे के भीतर करोड़ों रुपये मूल्य की चंदन की लकड़ी बरामद कर प्रशासन को बड़ी राहत दी है। इस सफलता के बाद जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है।

22 दिसम्बर की रात्रि में हुई थी चोरी !

 22 दिसंबर की रात नाथ बाबा मंदिर परिसर से सफेद चंदन के दो बड़े पेड़ों को काटकर चोर फरार हो गए थे। चोरी की यह घटना इसलिए भी ज्यादा चर्चा में रही क्योंकि जिस रास्ते से चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए थे, उसमे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का सरकारी आवास स्थित है। इतनी कड़ी सुरक्षा वाले इलाके से करोड़ों का चंदन चोरी हो जाना पुलिस और प्रशासन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। चोरी के बाद पूरे जिले में इस मामले को लेकर हड़कंप मच गया था। आम लोग सवाल उठा रहे थे कि जब एसडीएम आवास के पास से चोर आसानी से मंदिर परिसर में घुसकर पेड़ों को काट ले गए, तो सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। लगातार मीडिया और जनप्रतिनिधियों के सवालों के बीच पुलिस पर इस मामले को जल्द सुलझाने का दबाव बढ़ता जा रहा था। इसी बीच नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी किया गया चंदन गंगा नदी में छिपाकर रखा गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता।

 गुप्त सूचना के आधार पर थानेदार मनोज कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ नगर थाना क्षेत्र के जमुना घाट पर छापेमारी की। जब पुलिस ने गंगा नदी के भीतर खोजबीन की तो पाया गया कि सफेद चंदन के दोनों पेड़ों की लकड़ी को पानी के अंदर डुबोकर छिपाया गया है, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद नदी से दोनों चंदन की लकड़ियों को बाहर निकाला। प्रारंभिक आकलन में इनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। चंदन की लकड़ी बरामद होते ही पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई और अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता माना।

क्या कहते है नगर थानेदार?

नगर थाने के थानेदार मनोज कुमार सिंह ने चंदन की लकड़ी बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि गंगा नदी के जमुना घाट से चोरी गई दोनों सफेद चंदन की लकड़ियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस बरामदगी के बाद  स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि चंदन के पेड़ मंदिर की आस्था और पहचान से जुड़े हुए थे। चोरी के बाद से श्रद्धालुओं में भी आक्रोश था, लेकिन अब पुलिस की कार्रवाई से भरोसा लौटा है।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। रात के अंधेरे में पेड़ों को काटा गया और फिर लकड़ियों को तुरंत ठिकाने लगाने के लिए गंगा नदी का सहारा लिया गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। फिलहाल पुलिस ने बरामद चंदन की लकड़ी को सुरक्षित स्थान पर रख दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही चंदन चोरी कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई से पुलिस का मनोबल बढ़ा है और प्रशासन ने भी नगर थाना पुलिस की सराहना की है।

Post a Comment

0 Comments