बक्सर पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: फरार अपराधियों पर करारा वार हत्याकांड के आरोपी दबोचे गए, कानून से भागना हुआ बेकार !

 बक्सर पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: फरार अपराधियों पर करारा वार! हत्याकांड के आरोपी दबोचे गए, कानून से भागना हुआ बेकार मोस्ट वांटेड राजा दुबे गिरफ्तार ! 9 साल पुराने पेट्रोल पंप हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता सलाखों के पीछे एसपी शुभम आर्य की अगुवाई में बक्सर पुलिस बनी अपराधियों के लिए महाकाल !

बक्सर -अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर बक्सर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मजबूत इच्छाशक्ति, पेशेवर दक्षता और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले के दो अलग-अलग चर्चित मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे हत्यारोपी और कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने यह साफ संदेश दे दिया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, अंततः गिरफ्त में आएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने दी पूरी जानकारी !

बक्सर एसपी फाइल फोटो 

पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इन सफल कार्रवाइयों के पीछे सटीक खुफिया जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और पुलिस टीमों का निरंतर प्रयास रहा है। उन्होंने कहा कि बक्सर पुलिस अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

मोस्ट वांटेड राजा दुबे उर्फ रावण गिरफ्तार

बक्सर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 232/25 के तहत दर्ज गोलीकांड मामले में फरार चल रहा मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे उर्फ रावण आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। यह सनसनीखेज वारदात 26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के समीप हुई थी, जब अहियापुर निवासी अर्जुन यादव और सुरेंद्र यादव को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। इलाज के दौरान अर्जुन यादव की मौत हो गई थी, जिससे यह मामला हत्या में तब्दील हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT का गठन किया गया था। जांच के दौरान अब तक इस कांड में कुल 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पूछताछ के क्रम में राजा दुबे की भूमिका उजागर हुई, जिसके बाद STF और बक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 जनवरी 2026 को पटना के सगुना मोड़ के पास से उसे धर दबोचा।

अपराध की लंबी फेहरिस्त

गिरफ्तार राजा दुबे का आपराधिक इतिहास भी चौंकाने वाला है। उसके खिलाफ नगर थाना सहित अन्य थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से जिले में संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार हुआ है।

9 साल पुराने पेट्रोल पंप हत्याकांड का खुलासा

दूसरी बड़ी सफलता बक्सर नगर थाना कांड संख्या 382/16 से जुड़ी है। 23 अगस्त 2016 को सिंडिकेट स्थित पेट्रोल पंप के मालिक हरेंद्र सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार सह-अभियुक्तों को पहले ही सजा मिल चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी विकाश वर्मा लंबे समय से फरार था। 23 जनवरी 2026 को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर विकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी से वर्षों से लंबित इस मामले में न्याय की राह और मजबूत हुई है।

टीमवर्क की जीत, पुलिस का स्पष्ट संदेश

इन दोनों मामलों में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई, STF, तकनीकी टीम और सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी शुभम आर्य ने दो टूक कहा कि अपराधी चाहे जितने भी समय तक फरार रहें, कानून से बच नहीं सकते। बक्सर पुलिस का संदेश साफ है—“अपराध करेंगे तो जेल तय है। बक्सर पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर।”

Post a Comment

0 Comments