बक्सर में वर्दी हुई शर्मसार, दारोगा का अश्लील वीडियो वायरल ! महिला डांसर संग आपत्तिजनक हरकत करते दिखे बगेन गोला थाने के एसआई ! सोशल मीडिया पर वीडियो से मचा हड़कंप, पुलिस महकमे में खलबली एसपी शुभम आर्य ने दिए जांच के आदेश, कार्रवाई के संकेत।
होली से पहले पुलिस की छवि पर दाग, विभागीय सख्ती तय!
बक्सर- जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बगेन गोला थाना में पदस्थापित दारोगा मनीष कुमार का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दारोगा एक महिला डांसर के साथ अश्लील गाने पर आपत्तिजनक हरकत करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी सकते में आ गए हैं। जिस पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी वर्दी में इस तरह की हरकत ने पुलिस की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
अश्लील गाने पर अश्लील हुए दारोगा जी
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दारोगा मनीष कुमार एक महिला डांसर को अपनी गोद में बैठाए हुए हैं और उसे बाहों में जकड़े हुए हैं। डीजे पर अश्लील गाना बज रहा है और दारोगा पूरी तरह मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान उन्हें न तो अपने ओहदे की मर्यादा की चिंता दिखती है और न ही संभावित विभागीय कार्रवाई का कोई डर। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी निजी कार्यक्रम का है, हालांकि यह वीडियो कहां और किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
महकमे में खलबली !
इस पूरे मामले ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। खासकर ऐसे समय में जब होली जैसे बड़े त्योहार को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसपी स्तर से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे में खुद एक दारोगा द्वारा इस तरह की हरकत करना विभाग के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति मानी जा रही है।
क्या कहते है पुलिस कप्तान?
मामले को लेकर बक्सर के पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने सख्त रुख अपनाया है। फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, तत्काल इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वीडियो की सत्यता, स्थान और परिस्थितियों की पूरी जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपी जाए। एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित दारोगा के खिलाफ कठोर से कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस की छवि को सुधारने और जनता के बीच विश्वास कायम रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में इस तरह के वीडियो सामने आने से न सिर्फ विभाग की साख को ठेस पहुंचती है, बल्कि आम लोगों के मन में पुलिस के प्रति नकारात्मक संदेश भी जाता है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद बिहार पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और दोषी पाए जाने पर कितनी सख्ती दिखाई जाती है।



0 Comments