नप गए वर्दी को शर्मसार करने वाले दारोगा मनीष कुमार ! डांसर संग अश्लील हरकत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने एसआई को किया सस्पेंड । एसपी के निर्देश पर त्वरित विभागीय कार्रवाई दोषी पाए जाने पर होगी कठोरतम सजा !
पुलिस विभाग की साख को दागदार करने वाला दारोगा सस्पेंड
बक्सर में पुलिस विभाग की साख को दागदार कर देने वाला मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दारोगा और महिला डांसर के आपत्तिजनक वीडियो ने न केवल विभागीय अनुशासन पर सवाल खड़े किए, बल्कि वर्दी की मर्यादा को भी कठघरे में ला खड़ा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान ने बिना देर किए कड़ा कदम उठाते हुए बगेन गोला थाना में पदस्थापित एएसआई मनीष कुमार को निलंबित कर दिया।
महिला डांसर के साथ कर रहे थे दारोगा अश्लील हरकत
वायरल वीडियो में बगेन गोला थाना में तैनात एएसआई मनीष कुमार एक महिला डांसर को गोद में बैठाकर भोजपुरी गाने पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकत करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और आम जनता ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने इसे गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। एसपी के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट पुलिस कप्तान को सौंपे जाने के बाद, दोषी पाए जाने पर दारोगा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
वायरल वीडियो की सत्यता की हुई पुष्टि
डुमरांव एसडीपीओ को वायरल वीडियो की जांच सौंपी गई थी। प्रारंभिक जांच में वीडियो प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर संबंधित एसआई को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बक्सर की ओर से 25 फरवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट कहा गया कि पुलिस बल की गरिमा, अनुशासन और आचरण नियमावली के विरुद्ध किसी भी प्रकार का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान एसआई मनीष कुमार को नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता मिलेगा, लेकिन वे सक्रिय ड्यूटी से बाहर रहेंगे।
एसपी का दो टूक संदेश
इस पूरे प्रकरण पर एसपी शुभम आर्य ने दो टूक शब्दों में कहा कि—“कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वर्दी की मर्यादा सर्वोपरि है और उसे कलंकित करने वालों पर कठोरतम विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”उनका यह बयान पुलिस महकमे में सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
बक्सर पुलिस की आम जनता से अपील
घटना के बाद बक्सर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें, ताकि अफवाहों से बचा जा सके। साथ ही पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था, अनुशासन और पुलिस की गरिमा बनाए रखने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह कार्रवाई न केवल दोषी पुलिसकर्मी के लिए सबक है, बल्कि पूरे पुलिस बल के लिए भी स्पष्ट संदेश है कि वर्दी में रहकर अनुशासनहीनता और अशोभनीय आचरण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि बक्सर पुलिस ने दोहराया है कि वह जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

0 Comments