राजद नेता ने कहा कि जिन लोगों को “पीए” जैसे शब्दों का सही अर्थ तक नहीं मालूम, वे शिक्षा और प्रशासन पर ज्ञान बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

बक्सर में सियासी संग्राम तेज! सांसद सुधाकर सिंह पर टिप्पणी को लेकर राजद का पलटवार  भाजपा प्रवक्ता पर ‘अज्ञानता और ओछी राजनीति’ का आरोप ! राजद जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह बोले—अपमान बर्दाश्त नहीं शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचार पर भी भाजपा को घेरा

बक्सर: - जिले की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर को लेकर  मीडिया में की गई कथित टिप्पणी के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। राजद के जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा के एक कथित प्रवक्ता की टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

अज्ञानता के प्रतीक है भाजपा नेता !

जारी बयान में शेषनाथ सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा के कुछ तथाकथित प्रवक्ता अज्ञानता और राजनीतिक द्वेष के कारण बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ ओछी टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग अपने आकाओं के इशारे पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं। राजद नेता ने कहा कि जिन लोगों को “पीए” जैसे शब्दों का सही अर्थ तक नहीं मालूम, वे शिक्षा और प्रशासन पर ज्ञान बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

20 बर्षो से आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा है शिक्षा विभाग !


राजद जिला अध्यक्ष ने अपने बयान में  कहा कि पिछले लगभग 20 वर्षों से शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है और इसी व्यवस्था का लाभ उठाने वाले लोग आज नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता, बल्कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करता है।

हार की बेचैनी से नही उबरे है बीजेपी के नेता !

शेषनाथ सिंह ने  दावा किया कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली हार की टीस कुछ नेताओं को अब भी परेशान कर रही है, जिसके कारण वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह की कार्यशैली, ईमानदारी और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता किसी परिचय की मोहताज नहीं है। ऐसे में राजनीतिक द्वेष के चलते उन पर टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

गौरतलब  है कि राजद नेता ने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो राजद कार्यकर्ता इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। बयान के साथ ही जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments