बक्सर का विकास या विनाश का खुला प्रदर्शन?” “कचड़े पर पार्किंग, या सिस्टम की मौन मार्किंग!” “साहब की खामोशी में सड़ता शहर!

स्मार्ट सिटी के सपने, कचड़े में दम तोड़ते अपने!”
“बक्सर का विकास या विनाश का खुला प्रदर्शन?”
“कचड़े पर पार्किंग, या सिस्टम की मौन मार्किंग!”
 “साहब की खामोशी में सड़ता शहर, जनता बेहाल!” “योजनाओं की चमक कागज पर, जमीन पर सड़ता सच!”
बक्सर—उत्तरायणी गंगा के तट पर बसी वह ऐतिहासिक धरती, जहां त्रेतायुग की गूंज आज भी कथाओं में जीवित है। जहां मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने शिक्षा ग्रहण की, जहां ऋषि-मुनियों की तपस्या ने इस भूमि को पवित्र बनाया। लेकिन आज उसी बक्सर की पहचान धीरे-धीरे कचड़े के ढेर में दफन होती दिख रही है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले यहां यज्ञ की अग्नि जलती थी, अब कचड़े की सड़ांध उठती है।

प्रशासनिक सोच का “ओपन डिस्प्ले !

शहर के नया बाजार में जो हो रहा है, वह महज कचड़ा डंपिंग नहीं, बल्कि प्रशासनिक सोच का “ओपन डिस्प्ले” है। कचड़ा डंपिंग जोन में नहीं, बल्कि शहर के बीचोबीच और उस पर भी कमाल यह कि उसी के ऊपर पार्किंग जोन! यह महज लापरवाही नहीं, बल्कि एक सुनियोजित “मैनेजमेंट मॉडल” लगता है, जिसमें समस्या को खत्म नहीं किया जाता, बस ढक दिया जाता है।


कागजों पर योजनाओं की गंगा बह रही है!
नमामि गंगे, स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत, लोहिया स्वच्छता मिशन—हर योजना अपने आप में “सफल” है, क्योंकि रिपोर्ट में सब कुछ चमकदार दिखता है। लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि विकास की परिभाषा यहां “कचड़े को छिपाने की कला” तक सिमट गई है। यानी अगर कचड़ा दिख नहीं रहा, तो समस्या भी नहीं है! चाहे वह जमीन के नीचे सड़ रहा हो या लोगों की सांसों में घुल रहा हो।
स्थानीय लोगों की एक बात बार-बार सामने आती है “यहां सिस्टम नियम से नहीं, हनक से चलता है।” यही वह बिंदु है जहां से पूरा खेल समझ में आता है। जब नीति की जगह प्रभाव ले लेता है, तो योजना जनहित के बजाय “छवि प्रबंधन” का साधन बन जाती है। नया बाजार का कचड़ा इसी छवि प्रबंधन का जीवंत उदाहरण है।

विश्वामित्र की नगरी में दिखता है ताड़का का प्रभाव!
65 वर्षीय रामलाल का बयान इस पूरे घटनाक्रम का सबसे सटीक विश्लेषण है ! “विश्वामित्र की नगरी में ताड़का का प्रभाव।” यह सिर्फ एक व्यंग्य नहीं, बल्कि उस विरोधाभास की ओर इशारा है, जहां आदर्श और वास्तविकता आमने-सामने खड़े हैं। विकास की बातें मंच पर होती हैं, और विनाश की पटकथा जमीन पर लिखी जाती है। सोशल मीडिया पर बक्सर की तुलना लंदन और पेरिस से की जा रही है। विकास की रफ्तार “बुलेट ट्रेन” से तेज बताई जा रही है। लेकिन यह रफ्तार असल में किस दिशा में है? अगर शहर के केंद्र में कचड़ा डंप हो रहा है, तो यह विकास की गति नहीं, बल्कि प्राथमिकताओं की दिशा बताता है। और सबसे बड़ा सवाल—क्या यह सब अनजाने में हो रहा है? या यह “सिस्टमेटिक एडजस्टमेंट” है, जहां असफलताओं को छिपाने के लिए उन्हें जमीन में दबा दिया जाता है? इटाढ़ी के खतीबा में प्रस्तावित डंपिंग जोन इसका उदाहरण है—घोषणा हुई, सुर्खियां बनीं, लेकिन हकीकत रास्ते में ही गायब हो गई।


गजबे है बड़का साहब का दलील !

जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों का यह तर्क कि “कचड़ा जमीन में दबाना गलत नहीं है”, अपने आप में इस मानसिकता को उजागर करता है। यह वही सोच है जिसमें समस्या का समाधान नहीं, बल्कि उसका “प्रबंधन” किया जाता है—भले ही उसका असर आने वाली पीढ़ियों पर क्यों न पड़े। असल मुद्दा कचड़ा नहीं है, बल्कि वह सोच है जो कचड़े को समस्या नहीं मानती। वह व्यवस्था है जो जवाबदेही से बचने के लिए “मौन” को ढाल बना लेती है। और वह राजनीति है जो विकास को आंकड़ों और पोस्टरों में कैद कर देती है।


गौरतलब है कि आज बक्सर एक चौराहे पर खड़ा है—जहां एक रास्ता वास्तविक विकास की ओर जाता है, और दूसरा “कागजी विकास” की चमक में छिपे विनाश की ओर। फिलहाल जो दिख रहा है, वह यह कि शहर को “चारागाह” की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है—जहां योजनाएं आती हैं, आंकड़े बनते हैं, और हकीकत कचड़े के नीचे दब जाती है। अब यह सवाल सिर्फ प्रशासन से नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम से है—क्या बक्सर की पहचान उसकी विरासत से होगी, या उसके कचड़े से? क्योंकि इतिहास गवाह है, जब शहर अपनी पहचान खो देता है, तो योजनाएं उसे वापस नहीं दिला पातीं… सिर्फ सच का सामना ही रास्ता दिखाता है।

Post a Comment

0 Comments