किला मैदान में नहीं उतर पाया मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ! दो बार प्रयास के बाद भी नहीं हुई लैंडिंग, आननफानन में बक्सर हवाई अड्डा पर उतारा गया हेलीकॉप्टर! सीएम बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे सम्राट चौधरी, जिले को नहीं मिली कोई बड़ी सौगात ! हेलीकॉप्टर उतरते समय मैदान में खेलते रहे बच्चे, देर से पहुंची पुलिस ! प्रशासन की तैयारी पर सवाल, शहरभर में चर्चा का विषय बनी घटना !

 किला मैदान में नहीं उतर पाया मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ! दो बार प्रयास के बाद भी नहीं हुई लैंडिंग, आननफानन में बक्सर हवाई अड्डा पर उतारा गया हेलीकॉप्टर! सीएम बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे सम्राट चौधरी, जिले को नहीं मिली कोई बड़ी सौगात ! हेलीकॉप्टर उतरते समय मैदान में खेलते रहे बच्चे, देर से पहुंची पुलिस ! प्रशासन की तैयारी पर सवाल, शहरभर में चर्चा का विषय बनी घटना

बक्सर- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुंचे, लेकिन उनके आगमन के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई जिसने प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए। शहर के ऐतिहासिक किला मैदान में बनाए गए हेलिपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दो बार प्रयास के बावजूद उतर नहीं पाया। इसके बाद आननफानन में हेलीकॉप्टर को लगभग दो से तीन किलोमीटर दूर स्थित बक्सर हवाई अड्डा पर उतारना पड़ा।

हवाई अड्डा में उतरे सीएम !

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे सम्राट चौधरी के स्वागत को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी का दावा किया था। किला मैदान में हेलिपैड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की तैयारी पूरी बताई जा रही थी, लेकिन हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो पाने से प्रशासन की तैयारियों की पोल खुलती नजर आई।स्थानीय लोगों के अनुसार जब हेलीकॉप्टर किला मैदान के ऊपर मंडरा रहा था तब वह दो बार नीचे उतरने का प्रयास करता दिखाई दिया, लेकिन किसी कारणवश लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर को सीधे बक्सर हवाई अड्डा की ओर मोड़ दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस समय हेलीकॉप्टर हवाई अड्डा पर उतरा, उस समय वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी।

क्या कहते है स्थानीय लोग !

स्थानीय युवाओं ने बताया कि हेलीकॉप्टर उतरते वक्त वहां केवल आसपास के लोग और मैदान में खेल रहे बच्चे मौजूद थे। कई युवक और बच्चे हेलीकॉप्टर के काफी करीब तक पहुंच गए और अपने मोबाइल कैमरे से वीडियो बनाने लगे। कुछ देर बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे, जिसके बाद लोगों को वहां से हटाया गया। स्थानीय युवा राज ने बताया कि “जब हेलीकॉप्टर उतर रहा था तब वहां कोई पुलिस या सुरक्षा घेरा नहीं था। बच्चे खेल रहे थे और कई लोग हेलीकॉप्टर के पास पहुंच गए थे। बाद में पुलिस आई और लोगों को हटाया गया। अगर कोई बड़ी घटना हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?”

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल !

घटना के बाद शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी दौरे के दौरान प्रशासन को प्लान ए के साथ प्लान बी भी तैयार रखना चाहिए था। खासकर तब जब हेलीकॉप्टर लैंडिंग जैसी संवेदनशील व्यवस्था की बात हो। हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर पहुंचने के बाद अपने तय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने शहर के प्रसिद्ध वामनेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित रनेश्वरम मंदिर पहुंचे, जहां धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के साथ-साथ लाइट एंड साउंड कार्यक्रम का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिलेवासियों को बड़ी उम्मीदें थीं। लोगों को उम्मीद थी कि नए मुख्यमंत्री अपने पहले बक्सर दौरे में जिले के लिए किसी बड़ी योजना या सौगात की घोषणा करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दौरे के दौरान किसी नई परियोजना या विकास योजना की घोषणा नहीं होने से लोगों में मायूसी भी देखी गई। फिलहाल किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो पाना और बाद में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के हवाई अड्डा पर उतरना पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक मान रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments