खनन माफियाओं पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार अवैध मिट्टी खनन में 59 लाख से अधिक का जुर्माना जेसीबी समेत ट्रैक्टर जब्त, प्राथमिकी दर्ज ! बिना परमिट मिट्टी कटाव करने वालों में मचा हड़कंप ! प्रशासन बोला- अवैध खनन करने वालों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगी राहत !

 खनन माफियाओं पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार अवैध मिट्टी खनन में 59 लाख से अधिक का जुर्माना जेसीबी समेत ट्रैक्टर जब्त, प्राथमिकी दर्ज ! बिना परमिट मिट्टी कटाव करने वालों में मचा हड़कंप ! प्रशासन बोला- अवैध खनन करने वालों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगी राहत !

बक्सर- जिले में अवैध खनन और बिना वैध परमिट मिट्टी परिवहन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर कड़ा शिकंजा कस दिया है। नगर थाना क्षेत्र के सिंगरही पोखरा में चल रहे अवैध मिट्टी खनन के मामले में प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी कर जेसीबी और ट्रैक्टरों को जब्त करते हुए लगभग 59 लाख रुपये से अधिक का भारी जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

संयुक्त टीम ने की थी छापेमारी !

जिला प्रशासन के अनुसार खनन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिंगरही पोखरा इलाके में छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैध खनन अनुज्ञप्ति और विभागीय अनुमति के मिट्टी का बड़े पैमाने पर कटाव और परिवहन किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके से एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टरों को अवैध मिट्टी उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पकड़ा।


59 लाख से अधिक का जुर्माना !

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अवैध तरीके से मिट्टी काटकर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन ने कठोर कार्रवाई करते हुए जेसीबी पर 10 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया। साथ ही खनन की गई मिट्टी की रॉयल्टी का 25 गुना अर्थदंड लगाते हुए लगभग 46 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना अधिरोपित किया गया। वहीं पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों पर क्रमशः 1 लाख 9 हजार 257 रुपये तथा 1 लाख 5 हजार रुपये का दंड निर्धारित किया गया। कुल मिलाकर लगभग 59 लाख रुपये से अधिक की दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

वाहन मालिकों पर दर्ज हुआ एफआईआर !

मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित वाहन मालिकों और अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ MMDR Act 1957 एवं बिहार खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन की चेतावनी !

जिला प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि बिना वैध खनन परमिट अथवा अनुज्ञप्ति के किसी भी प्रकार का मिट्टी उत्खनन, परिवहन या खनन गतिविधि पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में चाहे कोई व्यक्ति हो, संवेदक हो या कोई एजेंसी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर कठोर आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।इसके साथ ही प्रशासन ने सभी विभागीय कार्य एजेंसियों, निर्माण कंपनियों और संवेदकों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी निर्माण कार्य में मिट्टी अथवा अन्य खनिज सामग्री का उपयोग केवल वैध स्रोत और विधिवत परमिट के माध्यम से ही किया जाए। विभागीय कार्यों की आड़ में अवैध खनन या परिवहन पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। लगातार हो रही कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि अब बक्सर में अवैध मिट्टी कारोबार करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

Post a Comment

0 Comments