21 साल देश की सेवा के बाद गांव लौटे जवान का ऐतिहासिक स्वागत ! बक्सर स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़ों से गूंजा माहौल मां ने उतारी आरती, “भारत माता की जय” से गूंजा पूरा परिसर !

 21 साल देश की सेवा के बाद गांव लौटे जवान का ऐतिहासिक स्वागत ! बक्सर स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़ों से गूंजा माहौल मां ने उतारी आरती, “भारत माता की जय” से गूंजा पूरा परिसर !  वीआरएस लेकर समाज और माता-पिता की सेवा का लिया संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणा बने सीआरपीएफ जवान रितेश पांडेय !

.

बक्सर- देश की सेवा में 21 वर्षों तक अपना जीवन समर्पित करने के बाद जब एक जवान अपने घर लौटा, तो उसका स्वागत किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं रहा। बक्सर रेलवे स्टेशन उस समय देशभक्ति और सम्मान की भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब सीआरपीएफ से वीआरएस लेकर लौटे जवान रितेश पांडेय के स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ स्टेशन पहुंचे। यह नजारा देखने वाले हर व्यक्ति के मन में गर्व और उत्साह साफ झलक रहा था।

भारत माता की जयकारे से गूंज उठा स्टेशन परिसर !

सुबह करीब 9 बजे जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची और जवान रितेश पांडेय ने बक्सर की धरती पर कदम रखा, पूरा स्टेशन “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सबसे भावुक पल वह रहा जब उनकी मां ने आरती उतारकर बेटे का स्वागत किया। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम कर दीं।

औधोगिक थाना क्षेत्र के रहने वाला है जवान !

रितेश पांडेय, जो औद्योगिक थाना क्षेत्र के हरिकिशुनपुर गांव के निवासी हैं, ने 21 वर्षों तक देश की सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभाई। अब उन्होंने स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति लेकर अपने माता-पिता और समाज की सेवा करने का निर्णय लिया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश सेवा केवल सरहद पर रहकर ही नहीं, बल्कि समाज में रहकर भी की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि अब उनका लक्ष्य गांव के युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित करना और समाज के विकास में योगदान देना है।

क्या कहते है दीपक पांडेय !

इस मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी इस स्वागत को एक नई परंपरा की शुरुआत बताया। उनका कहना था कि जो जवान अपना जीवन देश के लिए समर्पित करते हैं, उनके सम्मान में इस तरह का स्वागत होना चाहिए। भाजपा के जिला प्रवक्ता दीपक पांडेय ने कहा कि देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है और बक्सर ने एक नई मिसाल पेश की है।

गौरतलब है कि बक्सर में अब यह परंपरा धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है, जहां देश सेवा कर लौटने वाले जवानों का पूरे सम्मान और गौरव के साथ स्वागत किया जाता है। यह न केवल उन सैनिकों के मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि समाज में देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करता है। यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि देश के असली नायक केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि अपने गांव और समाज में भी उतने ही सम्मान के पात्र हैं। रितेश पांडेय जैसे जवान आज के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो यह संदेश देते हैं कि देश सेवा एक भावना है, जो हर स्तर पर निभाई जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments