बक्सर में आखिर किसके आगे थम गया बुलडोजर? गरीब होता तो क्या तब भी लौट जाती प्रशासन की टीम! सरकारी आदेश, बुलडोजर, ट्रैक्टर और पुलिस... सब कुछ था तैयार। फिर ऐसा क्या हुआ कि आधे घंटे की हलचल के बाद कार्रवाई अधूरी छोड़कर लौट गए अधिकारी? अब हर आम आदमी पूछ रहा है एक ही सवाल—क्या कानून का चेहरा व्यक्ति देखकर बदल जाता है?
बक्सर-आज सवाल सिर्फ एक सरकारी आवास का नहीं है, बल्कि उस भरोसे का है जिसके सहारे आम नागरिक कानून और प्रशासन पर विश्वास करता है। क्योंकि अगर सरकारी आदेश भी प्रभाव और पद के सामने बेबस नजर आने लगें, तो कल यही सवाल किसी भी आम आदमी के दरवाजे पर खड़ा हो सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्रवाई पूरी तैयारी के साथ शुरू हुई थी। बुलडोजर और ट्रैक्टर की मौजूदगी यह संकेत दे रही थी कि प्रशासन इस बार किसी भी हाल में सरकारी आदेश का पालन कराएगा। लेकिन कुछ देर बाद पूरा माहौल बदल गया और अधिकारी लौट गए।
बड़का साहब की बाजी फोन की घन्टी और रुक गई कार्रवाई !
अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर दावा किया कि कार्रवाई के दौरान किसी बड़का साहब का फोन आने के बाद निर्णय बदल गया। अधिकारियों ने यह कहते हुए वापसी की कि संबंधित अधिकारी आवास में मौजूद नहीं हैं और आवास बंद है। हालांकि मौके पर मौजूद कई लोगों का दावा है कि संबंधित अधिकारी अस्पताल परिसर में ही मौजूद थे और कुछ देर बाद आवास से निकलकर अपने कार्यालय की ओर जाते भी देखे गए। यदि ऐसा है तो अस्पताल परिसर और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने ला सकते हैं।
अस्पताल में गूंजता रहा एक ही सवाल...
कार्रवाई अधूरी रहने के बाद अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजन, कर्मचारी और आम लोग एक ही बात कहते नजर आए—"अगर यह किसी गरीब की झोपड़ी होती, तो क्या बुलडोजर भी ऐसे ही लौट जाता?" यही सवाल अब सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक पहुंच चुका है। लोगों का कहना है कि कानून की असली ताकत उसकी निष्पक्षता में होती है। यदि प्रभावशाली लोगों के मामलों में नियम बदलते हुए दिखाई दें, तो आम नागरिक का भरोसा कमजोर पड़ता है।
पहले भी भेजे गए थे नोटिस!
सूत्रों के अनुसार नगर परिषद के पास मौजूद सरकारी पत्र में संबंधित आवास में वैध आवंटन के बिना निवास किए जाने का उल्लेख है। जिला स्वास्थ्य समिति स्तर से पहले भी आवास खाली कराने के लिए कई बार पत्राचार होने की बात कही जा रही है। सरकारी बिजली कनेक्शन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। जिसका एक सरकारी पत्र भी सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है! हालांकि इन आरोपों पर संबंधित अधिकारी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।अब जवाब प्रशासन को देना होगा
यह मामला सिर्फ एक आवास खाली कराने का नहीं रह गया है। अब सवाल प्रशासन की पारदर्शिता और कानून के समान अनुपालन का है। यदि कार्रवाई वैध थी तो बीच में क्यों रोक दी गई? यदि कार्रवाई उचित नहीं थी तो बुलडोजर, ट्रैक्टर और पुलिस बल क्यों भेजा गया? क्या किसी वरिष्ठ स्तर के हस्तक्षेप से निर्णय बदला?
क्या कानून का व्यवहार हर नागरिक के लिए समान है?
आज यह मामला किसी अधिकारी के सरकारी आवास का है। कल यही स्थिति किसी दुकानदार, किसान, शिक्षक, कर्मचारी या किसी भी आम नागरिक के साथ हो सकती है। इसलिए यह खबर सिर्फ बक्सर की एक घटना नहीं, बल्कि उस सवाल की है जो हर लोकतांत्रिक व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण है— "क्या कानून सबके लिए बराबर है, या फिर उसका रास्ता व्यक्ति के पद और प्रभाव को देखकर तय होता है?"






0 Comments